अब महिंद्रा द्वारा बनाए गए “टुकटुक” पर पेट्रोलिंग करेगी ‘इंग्लैंड की पुलिस’, जानिए किस वजह से लिया गया यह मजेदार निर्णय

News

यूनाइटेड किंगडम की पुलिस अब जल्द ही महिंद्रा इलेक्ट्रिक्स द्वारा बनाए गए टुकटुक पर पेट्रोलिंग करती हुई नजर आने वाली है। भारत में टुकटुक का इस्तेमाल किस स्तर पर किया जा रहा है यह बात हमें आपको बताने की जरुरत नहीं है।

हालांकि भारत के अलावा भी विश्व के कई देशों में इसका इस्तेमाल होता है पर या तो इसे पब्लिक के लिए यूज किया जाता है फिर छोटे मोटे सामान ढोने में। लेकिन यूनाइटेड किंगडम तो इस मामले में सबसे आगे निकलते हुए अपनी पुलिस को ही टुकटुक थमाने जा रहा है।

आपको बता दें कि ग्वेन्ट पुलिस ने फ़िलहाल 4 टुकटुक को अपने बेड़े में शामिल करने की घोषणा कर दी है और उनका उद्देश्य ये है कि इसकी मदद से वे अपराध पर लगाम लगाने की कोशिश करेंगे। वहीं वेल्स की पुलिस ने इस बारे में काफी कुछ कहा भी है।

उनके अनुसार इन टुकटुकों का इस्तेमाल अधिकारी और एम्बेसडर करेंगे और इसकी मदद से न्यूपोर्ट और एबर्गेवनी के आसपास मौजूद पार्क और अन्य सार्वजानिक जगहों पर नियमित रूप से गश्त लगाया जाएगा। आपको बता दें कि इन टुकटुकों की स्पीड लिमिट 55 किलोमीटर प्रति घंटे करने की घोषणा की गई है।

इस बड़े निर्णय के बाद वहां के लोगों ने भी इस फैसले का स्वागत किया है और कहा है कि इनके इस्तेमाल होने से रात में सड़कों पर घूम रहे लोगों की सुरक्षा में बढ़ोत्तरी होगी और क्राइम का ग्राफ नीचे गिरेगा। देखना होगा कि वाकई में यह उपाय वहां की जनता के कितने काम आ पाता है।